नेपाल में बारिश और झीलों से बने हालात ने बिहार की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल में अब भी रुक-रुककर बारिश हो रही है और दो झीलों के बनने के बाद खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। एक झील से पानी रिस रहा है, जबकि दूसरी झील का आकार बढ़ रहा है। इससे बाढ़ और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए बिहार में नदियों और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
नेपाल में खराब मौसम का असर राहत और बचाव अभियान पर भी पड़ रहा है। बारिश के चलते प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में मुश्किलें आ रही हैं। दूसरी ओर, नेपाल से आने वाले पानी के कारण बिहार की कई नदियों के जलस्तर में लगातार बदलाव हो रहा है।
गंडक नदी पर सबसे ज्यादा नजर रखी जा रही है। नेपाल से पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा बिहार पहुंच रहा है, जिससे नदी और उसके आसपास के तटबंधों पर दबाव बढ़ सकता है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने राज्य के प्रमुख तटबंधों की निगरानी और तेज कर दी है।
सारण तटबंध सहित संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों और इंजीनियरों की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। गंडक नदी के डिस्चार्ज की जानकारी विभागीय मुख्यालय में हर 30 मिनट पर ली जा रही है। इंजीनियरों को चौबीसों घंटे मैदान में तैनात रखा गया है, ताकि तटबंध में कटाव या किसी तरह का असामान्य दबाव सामने आने पर तुरंत कदम उठाया जा सके।
जिलों के डीएम और पुलिस-प्रशासन को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।
इस बीच, बिहार की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना के गांधीघाट में गंगा 68 सेंटीमीटर, हाथीदह में 71 सेंटीमीटर और कहलगांव में 82 सेंटीमीटर खतरे के निशान से ऊपर है। दीघा घाट और मनेर में भी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है।
गोपालगंज के डुमरियाघाट में गंडक नदी खतरे के निशान से 63 सेंटीमीटर ऊपर है। खगड़िया में बूढ़ी गंडक 58 सेंटीमीटर और बलतारा में कोसी 64 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। कटिहार के कुरसेला में भी कोसी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है।
गंडक नदी को बिहार की संवेदनशील नदियों में माना जाता है। करीब 260 किलोमीटर लंबी गंडक पर 511 किलोमीटर से अधिक लंबे तटबंध हैं। नदी के जलस्तर में अचानक बड़ा बदलाव पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत कई जिलों में परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग ने शनिवार को नेपाल के गंडक क्षेत्र और नॉर्थ कोयल में हल्की से सामान्य बारिश की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर बिहार में अलर्ट जारी है और प्रशासन को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
