March 26, 2026
image (1)

देश की सबसे प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को घटिया क्वालिटी का खाना परोसने पर रेलवे ने ऐक्शन लिया है। आईआरसीटीसी और वेंडर पर रेलवे ने 60 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है। साथ ही वेंडर का अनुबंध भी रद्द कर दिया है। यह मामला बिहार की राजधानी पटना से झारखंड के टाटानगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का है। बताया जा रहा है कि यात्रियों ने ट्रेन के अंदर परोसे गए खाने में कीड़े होने की शिकायत की थी। इसके कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। रेलवे ने बुधवार रात को जारी बयान में कहा कि ट्रेन नंबर 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में 15 मार्च 2026 को यात्रा कर रहे एक यात्री ने भोजन की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत की थी। रेलवे ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही सेवा प्रदाता फर्म
पर भी 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर उसका कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया है। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता को बनाए रखना ही हमारी प्राथमिकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना के रहने वाले रितेश कुमार सिंह टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। ट्रेन के अंदर जो डिनर परोसा गया, उसकी गुणवत्ता बहुत खराब थी। आईआरसीटीसी को लिखित में दी गई शिकायत में उन्हें परोसे गए भोजन में दही एवं दाल के अंदर जीवित कीड़े पाए गए।

इस घटनाक्रम के कुछ वीडियो एवं तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। बताया जा रहा है कि उस ट्रेन में सवार अन्य कुछ यात्रियों के खाने में भी कीड़े पाए गए। इसके बाद पैंट्री मैनेजर को बुलाया गया। यात्रियों ने जब मैनेजर से कीड़े होने की इसकी शिकायत की तो उसने कहा कि इसमें केसर है। हालांकि, जब यात्री ने प्लेट के अंदर चलते हुए कीड़े दिखाए तो मैनेजर लिखित शिकायत करने की बात कहने लगा। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक्सपायरी डेट का दही परोसा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *