नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित महथा सिंधी सदा मार्केट के प्रेम ज्वेलर्स में छह बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। सभी बदमाश हथियार झोले में रखकर आभूषण लूटने पहुंचे थे।
बदमाशों ने नारंगी एवं उजले रंग के गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था और महाराजी पुल चौक से करीब 200 मीटर पैदल चलकर दुकान में घुसे।
दुकान में प्रवेश करते ही उन्होंने पिस्टल सिर पर तानकर दो करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 25 लाख रुपये नकद लूट लिए। सभी बदमाश करीब 40 मिनट तक दुकान में रहे। महथा सिंधी मार्केट के दुकानदार और प्रत्यक्षदर्शी बद्री नारायण ने बताया कि चार बदमाश ग्राहक बनकर माथे से गर्दन तक गमछा लपेटे अंदर घुसे थे।
शुक्रवार होने के कारण हम लोगों ने उन्हें ग्राहक समझा। कुछ देर बाद एक बदमाश मेरे दुकान के दाहिने ओर गेट पर खड़ा था और एक मुख्य सड़क पर नजर रखे हुए था।
जब हम उन्हें देख रहे थे तो एक बदमाश झोला लिए हुए था और उसका एक हाथ झोले के अंदर था। उसने हमें धमकाते हुए कहा कि मेरी ओर मत देखो, अपनी दुकान की ओर देखो। हथियार के डर से हम कुछ नहीं कर सके।
कुछ देर बाद लूट की घटना को अंजाम देकर सभी बदमाश बाहर निकले। गेट पर खड़ा बदमाश सबसे अंत में झोले में हाथ डाले गांधी चौक की ओर भाग गया। इसके बाद जब प्रेम ज्वेलर्स के दुकानदार ने शोर मचाया, तब हम लोगों ने गेट खोला और लूट की जानकारी मिली।
