July 18, 2026
image (1)

इमामगंज थाना क्षेत्र के बड़हीखाप गांव के मुशन टांड में महिला सुनीता कुमारी की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों में राकेश कुमार उर्फ बुधु, उदय यादव और संतोष कुमार शामिल है. तीनों मुशन टांड गांव के ही निवासी है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी घटनास्थल के समीप झाड़ियों से बरामद कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर मेरे नेतृत्व में विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया गया. वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई.
जांच में सामने आया कि घटना से चार-पांच दिन पहले मृतका की बड़ी गोतनी के बेटे संतोष कुमार से भूमि विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था. इस विवाद की जानकारी मृतका ने अपने मायके वालों को भी दी थी. वहीं मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि उदय कुमार का घर पर अक्सर आना-जाना था और घटना की शाम राकेश कुमार उसे बाइक से बाजार ले गया था.
पुलिस ने जब तीनों संदिग्धों के मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की तो पता चला कि घटना से पहले और बाद तक तीनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. इसके बाद कड़ी पूछताछ में उदय कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि राकेश और संतोष के साथ मिलकर ईंट और डंडे से सुनीता कुमारी की हत्या की गई. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गांव के बधार स्थित कुएं में फेंक दिया गया. डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतका और उदय कुमार तथा राकेश कुमार के बीच प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आई है, जबकि संतोष कुमार के साथ भूमि विवाद हत्या की एक अहम वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. प्रेस वार्ता में थानाध्यक्ष अमित कुमार भी मौजूद रहे. इधर एक महिला की हत्या की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने और तीन आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर इमामगंज क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा चौक-चौराहों से लेकर गांवों तक होती रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *