
नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर खरौना के पास शिवहर-तरियानी पथ में रविवार की सुबह लगभग 10 बजे शराब तस्करों और उत्पाद टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। जांच के लिए रोके जाने पर बोलेरो सवार शराब तस्करों ने उत्पाद टीम पर फायरिंग कर दी। उत्पाद टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इसमें गृहरक्षक और तस्कर को गोली लगी है। गोली से जख्मी गृहरक्षक तरियानी थाना क्षेत्र के तुलसीनगर के संजय कुमार हैं। गोली से जख्मी शराब तस्कर तरियानी के राजाडीह निवासी राज कुमार समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया।
साथ ही शराब लदी बोलेरो जब्त कर ली। राजकुमार का सदर अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि तस्कर व गृहरक्षक के पैर में गोली लगी है। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। उत्पाद थाने से प्राप्त आवेदन पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि शराब की बड़ी खेप लाए जाने की सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम सुंदरपुर खरौना के पास जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बोलेरो पर सवार तस्कर आते दिखे।
उनकी सुरक्षा के लिए बोलेरो के आगे एक बाइक भी थी। रोके जाने पर सभी तस्कर भागने लगे। उत्पाद टीम ने नगर और तरियानी थाने को सूचना दी। साथ ही तस्करों का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख तस्करों ने फायरिंग की। गोली गृहरक्षक संजय कुमार को लग गई। जवाबी कार्रवाई में उत्पाद टीम ने भी गोली चलाई। गोली लगने से तस्कर राज कुमार जख्मी हो गया। कई तस्कर भाग निकले, लेकिन पुलिस के सहयोग से शराब लदी बोलेरो के साथ तस्कर सुभाष कुमार को पकड़ लिया गया।