March 18, 2026
image (4)

आय से अधिक संपत्ति मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के जयनगर (मधुबनी) के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक के सात ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें दरभंगा, जयनगर के साथ सुपौल के निर्मली/करजाईन के पैतृक आवासीय, कार्यालय एवं व्यावसायिक ठिकाने शामिल हैं।

3 करोड़ रुपये से अधिक के मिले दो दर्जन जमीन के दस्तावेज
इसमें भ्रष्ट अधिकारी के पास बिहार के अलावा नेपाल से पश्चिम बंगाल तक करीब दो दर्जन जमीन-जायदाद के दस्तावेज मिले हैं। इनकी बाजार कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। छापेमारी में सुपौल में एचपी की गैस एजेंसी और दार्जिलिंग में पार्टनरशिप में चाय बगान होने की भी जानकारी मिली है। देर रात तक तक ईओयू की टीम की छापेमारी जारी थी। ईओयू के अनुसार, मनोज कुमार रजक अपने भाई संजय रजक के नाम पर इंजीनियर एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी चला रहे हैं।
यह एजेंसी संजय रजक के नाम पर खरीदे गए भू-खंड को मनोज कुमार रजक के नाम पर ट्रांसफर करने के बाद खोली गई है। 18 लाख की दो गाड़‍ियां डिजायर और स्काॅर्पियो मिली
मनोज ने गैस एजेंसी के नाम पर स्काॅर्पियो वाहन भी खरीदा है, मगर उसे किराये पर अपने कार्यालय के सरकारी कामों में इस्तेमाल के लिए दे रखा है।
इसके किराये का भुगतान उसके बैंक खाते में किया जाता है। प्राथमिक जांच में आय से 62 प्रतिशत अधिक संपत्ति की जानकारी मिली थी जिसमें वृद्धि की पूरी संभावना है। सिलीगुड़ी, दरभंगा, सुपौल में जमीन-गोदाम में निवेश
तलाशी के क्रम में मनोज के पास दरभंगा में आलीशान मकान की जानकारी मिली है। अररिया, सुपौल और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी जमीन में निवेश किया गया है।

सुपौल में एनएच के पास कई प्लाॅट खरीदे गए हैं। अपने गृह जिले सुपौल के करजाईन और निर्मली में तीन से चार गोदाम और भवन बनाए जाने के साक्ष्य मिले हैं।

अधिकारी के पास 18 लाख की दो गाडि़यां स्विफ्ट डिजायर एवं स्कार्पियो, बैंक में सवा चार लाख जमा और करीब एक लाख पांच हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
नेपाल में बना रहा मकान, दूसरी शादी की तैयारी
ईओयू के अनुसार, मनोज कुमार रजक नेपाल के सुनसरी जिले के हरिपुर गांव में भी एक घर बना रहा है। इसके लिए अपने पैतृक गांव से मजदूर भेजे गए हैं।
यह घर नेपाल में रहने वाले अपने निकटवर्ती रिश्तेदार से गैर कानूनी तरीके से शादी करने के लिए बनवाया जा रहा है। तलाशी में बैंक, पोस्ट आफिस, जीवन बीमा आदि में निवेश के डेढ़ से दो दर्जन दस्तावेज मिले हैं, जिनका आकलन किया जा रहा है। पत्नी के नाम पर पेट्रोल पंप खोलने की तैयारी
मनोज कुमार रजक अपनी पत्नी वीणाश्री भारती के नाम पर एक पेट्रोल पंप खोलने की योजना पर काम कर रहा था। दरभंगा बिरौल पथ (एसएच-56) पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पेट्रोल पंप खोलने के लिए लीज पर 39.14 डिसमिल जमीन ली गई थी। इसके लिए जमीन मालिक का अनापत्ति प्रमाण पत्र तलाशी के क्रम में मिला है। देर रात तक जारी तलाशी में बड़ी संख्या में ऐसी संपत्तियों की जानकारी मिली है, जिसकी घोषणा कार्यपालक अभियंता ने वार्षिक संपत्ति ब्योरे में नहीं दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *