March 18, 2026
image (3)

पटना के मसौढ़ी अनुमंडल में भगवान के घर चोरी हो गयी। शाहाबाद पंचायत के छाता गांव स्थित राम-जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने करोड़ों रुपये मूल्य की अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां चोरी कर लीं। जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की प्रतिमाएं गायब कर दीं। बताया जाता है कि ये मूर्तियां करीब 100 साल पुरानी थीं और जिसका कुल वजन करीब 45 किलो था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चोरी हुई इन मूर्तियों की कीमत 7 से 8 करोड़ रुपये तक हो सकती है।
भगवान की मूर्ति चोरी होने की घटना का पता सुबह उस समय चला जब मंदिर की महिला पुजारी जागीं और मंदिर का दरवाजा खुला पाया। अंदर जाकर देखने पर गर्भगृह से सभी मूर्तियां गायब थीं। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी, जिससे बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए।
मंदिर समिति के सचिव मुनदेव सिंह के बयान पर मसौढ़ी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे आस्था पर हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मूर्तियों की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *