श्रावणी मेले से पहले देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। सामान्य दर्शन और शीघ्र दर्शनम की कतारों को पूरी तरह अलग करने के लिए नया मार्ग तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जिला प्रशासन ने मेले के शुरू होने से 15 दिन पहले काम पूरा कर ट्रायल करने का निर्देश दिया है।
अब तक मंदिर के पास पहुंचने पर शीघ्र दर्शनम और सामान्य दर्शन की कतारें एक हो जाती थीं, जिससे भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनती थी। इसका सबसे अधिक असर शीघ्र दर्शन के लिए शुल्क देने वाले श्रद्धालुओं पर पड़ता था। लंबे समय से दोनों कतारों को अलग करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमल में लाया जा रहा है।
मानसरोवर स्थित क्यू कॉम्प्लेक्स में 1000 लॉकर क्षमता वाला आधुनिक लॉकर रूम भी बनाया जा रहा है। इनमें से 800 से अधिक लॉकर तैयार हो चुके हैं। श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश से पहले यहां अपना सामान और जूते-चप्पल सुरक्षित रख सकेंगे। लॉकर रूम से सीधे कतार में प्रवेश की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ और घुसपैठ रोकी जा सके। लॉकर रूम की सुरक्षा के लिए ऊंची चारदीवारी बनाई जा रही है। यहां सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में फर्श की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्य भी श्रावणी मेले से पहले पूरे किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था मिल सके।
