एयर इंडिया ने विमानों के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल यानी एमआरओ क्षेत्र में सहयोग के लिए एसआईए इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है. यह रणनीतिक समझौता वैश्विक एमआरओ हब के रूप में भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा. इस एमओयू पर 3 जुलाई 2026 को मुंबई में एयर इंडिया के सीईओ एवं एमडी कैंपबेल विल्सन और एसआईएईसी के सीईओ चिन याउ सेंग द्वारा आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए.
यह नया समझौता एसआईएईसी के साथ एयर इंडिया की पूर्व में रही साझेदारी को और आगे बढ़ाता है. इस करार का मुख्य उद्देश्य एयरलाइन के तेजी से बढ़ते विमान बेड़े और नेटवर्क विस्तार को हर संभव तकनीकी सपोर्ट प्रदान करना है. इसके साथ ही यह कदम एयर इंडिया की आंतरिक रखरखाव और मरम्मत क्षमताओं को भी बेहद मजबूत बनाएगा, जिससे आने वाले समय में विमानों के परिचालन को अधिक सुरक्षित, कुशल और विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप संचालित किया जा सके.
