पटना पूर्वी इलाके में पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई की गई है। लगभग 80 लाख रुपए के प्रतिबंधित इंजेक्शन और कफ सिरप बरामद किए गए हैं। इसके साथ दो सप्लायर भी पकड़े गए हैं। दरअसल, चित्रगुप्त नगर SHO शंकर झा को गुप्त सूचना मिली कि रामकृष्ण नगर इलाके में गोदाम बनाकर नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप की तस्करी की जा रही है।
इसी सूचना के आधार पूर्वी SP परिचय कुमार के द्वारा गठित पूर्वी इलाके की DIU टीम ने छापेमारी की। एक मकान से भारी मात्रा में लगभग 33500 एम्पुल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और 3500 से 4000 पीस कफ सिरप बरामद किए हैं। फिलहाल पकड़े गए दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इनकी निशानदेही पर लिंकेज भी खंगाले जा रहे हैं। इसकी चेन के बारे में बता सकते हैं। हाल के दिनों में पूर्वी इलाके से बड़ी बड़ी खेप बरामद हुई है। एक सप्लायर सुपौल और दूसरा पटना का रहने वाला
पकड़े गए दोनों सप्लायर की पहचान सुपौल के शेख अब्दुल्ला और राम कृष्ण नगर के रहने वाले ऋषि के तौर पर हुई है। ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में यह इंजेक्शन छुपा कर रखा गया था।
पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपियों ने पहले बरगलाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तलाशी ली तो सब हैरान हो गए। इस टीम में चित्रगुप्त नगर SHO शंकर झा, बहादुरपुर SHO शुभम झा समेत लगभग दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।
पूर्वी SP परिचय कुमार ने बताया कि इसमें रवि और ट्रांसपोर्ट कंपनी के ऑनर की संलिप्तता सीधे तौर निकलकर आई है। इसमें न्यू श्री राम ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक गिरीश, रवि (कदमकुआं) की संलिप्तता आई है। पैसे के ट्रांजेक्शन का ट्रेल भी पाया गया है। बल्क में लाकर ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में स्टोर किया जा रहा था। वहां से एक एक कर के सप्लाई हो रही थी।
