बक्सर जिले में वरमाला के बाद दुल्हन को गोली मार दी। वरमाला होते ही एक युवक ने स्टेज पर पहुंचकर दुल्हन के पेट में गोली मार दी। भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे चौसा मल्लाहटोली, मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है। यूपी के बलिया जिले के सुलेमनपुर से नंदजी मल्लाह के घर बारात आई थी। आरोपी दीनबंधु शादी तुड़वाना चाहता था। लेकिन तुड़वा नहीं पाया। दीनबंधु शादी में पहुंच कर पहले डीजे पर गाना बजवाया- ‘तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा, वरना कुंवारा मर जाऊंगा’। दुल्हन का वीडियो बनाया और गोली मार दी।
दुल्हन (18) वरमाला पहनाने के बाद दूल्हे के साथ स्टेज पर खड़ी थी। सहेलियां आसपास थीं और आरती की रस्म चल रही थी। तभी दुल्हल को गोली लगी। गोली लगते ही वो स्टेज पर गिर पड़ी। उसे तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां से बीएचयू की क्रिटिकल केयर यूनिट रेफर किया गया। युवती का इलाज जारी है। घटना के बाद बाराती निकल गए।
वारदात के करीब 14 घंटे बाद आरोपी दीनबंधु बक्सर सिविल कोर्ट पहुंच गया। उसने अधिवक्ता शशिकांत उपाध्याय से कहा कि उसने ही गोली चलाई है और वह सरेंडर करना चाहता है।
