बहादुरगंज अररिया मुख्य पथ एनएच 327 ई अंतर्गत कोचाधामन प्रखंड के सपटिया बिशनपुर चौक के पास गुरुवार रात विपरीत दिशा से आ रही दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत होने से एक ट्रक में आग लग गई जिससे ट्रक चालक संतोष कुमार पाल (40) की मौके पर ही आग में झुलस कर मौत हो गई,जबकि एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हैं जिसका इलाज जारी है। मृतक ट्रक चालक की पहचान संतोष कुमार पाल, यूपी के रहने वाले के रूप में की गई है। वहीं घायल ट्रक चालक की पहचान सारण जिला के ब्रजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है । कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में एक ट्रक में आग लगने की वजह से ट्रक चालक बुरी तरह झुलस गया था। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बहादुरगंज की तरफ से एक ट्रक काफी तेजी से आ रही थी,हाई स्पीड होने के कारण सामने से आ रही एक ट्रक में भिड़ंत हो गई,जिससे एक ट्रक का ऑयल टैंक फट गया और इंजन में आग लग गई। आग लगने से सड़क पर अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। इस दौरान मौके पर पहुंचे मजकुरी पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता नफीस राही ने बताया मौके से कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने कहा कि दमकल की गाड़ी व आम लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। दुर्घटना में एक ट्रक चालक की जलकर मौत हो गई है। मृतक ट्रक चालक यूपी का रहने वाला है। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से दूसरे ट्रक में फंसे चालक को निकाला गया। जो काफी जख्मी हालत में था, घायल चालक को पुलिस की गाड़ी से इलाज के लिए किशनगंज एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए किशनगंज से पटना रेफर किया गया।
