गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रिसेप्शन पार्टी में घुसकर साजिश के तहत दोनों भाइयों की गोली मारकर हत्या की गई थी।
बताया जा रहा है कि राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच को छह बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में गया था।
हाल ही में फैसला आया। कृष्णा राय केस हार गए थे। केस हारने के बाद से वह नाराज चल रहे थे। चर्चा है कि इसके बाद उसी रंजिश में इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि पूर्व में चल रहे विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस जमीन विवाद से लेकर अन्य बिन्दुओं पर छानबीन कर रही है। घटनास्थल से तीन खोखा मिला है। अभियुक्तों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए उनके सभी ठिकानों दबिश दी जा रही है। रात के करीब नौ बज रहे थे। रिसेप्शन पार्टी में लोग खाना खा रहे थे। कुछ लोग कुर्सी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच अपराधी भी पहुंच गए। तब मनीष और मंजीत अन्य मेहमानों के साथ खाना खा रहे थे।
अपराधियों ने उस समय फायरिंग नहीं की। जैसे ही दोनों भाई वहां से उठकर हाथ धोने के लिए आगे बढ़े, तभी उन पर फायरिंग कर दी गई। गोली चलने से भोज में चहल-पहल भगदड़ में बदल गई। हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में तब्दील हो गया। लोग खाने का प्लेट छोड़कर इधर उधर भागने लगे तो कुछ लोग वहीं छिप गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गोली लगने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। रिश्तेदार घायल मंजीत को संपतचक अस्पताल भागे। वहां पहुंचने पर घायल मंजीत गेट के पास फर्श पर करीब 15 मिनट पड़ा रहा। डॉक्टरों से बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजने की गुहार लगाते रहे, मगर अस्पताल के कर्मी पुलिस को बुलाने की बात कहते रहे थे। अस्पताल जब उससे एनएमसीएच भेजा तब तक मंजीत की सांस टूट चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार, राजू राय, कृष्णा और प्रेम के बीच छह बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में था। फैसला राजू राय के पक्ष में आया था। चर्चा है इसी विवाद में गोलियां चली।
केस हारने के बाद कृष्णा राय ने यह तय कर लिया था कि राजू राय के परिवार को यह जमीन भोगने नहीं देंगे। केस हारने के बाद ही हत्या की योजना बनाई जाने लगी थी। इस बात की भनक राजू राय को भी थी, जिस कारण परिवार के सभी सदस्य शाम होने के पहले घर आ जाते थे।
इनके गोतिया के यहां विवाह और फिर भोज समारोह था। आरोपितों को पता था कि इस भाेज राजू राय का परिवार भी आयेगा। फिर योजना बनाई गई और घटना को अंजाम दिया। इसके बाद सभी आरोपित बाइक से फरार हो गए।
