March 13, 2026
WhatsApp Image 2026-03-13 at 10.42.07 AM

पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र से दो दिनों से लापता 28 वर्षीय अमित कुमार का शव गुरुवार को पानी से बरामद किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना अंतर्गत लोहा के पुल प्रतापपुर निवासी अमित कुमार (28 वर्ष), जो बीते 10 मार्च की सुबह से लापता थे, उनका शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया है। अमित के परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत पहले ही मेहंदीगंज थाने में दर्ज कराई थी। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार को स्थानीय जल्ला क्षेत्र में पानी के बीच युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की सूचना मिलते ही मेहंदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज (NMC) भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी द्वितीय डॉ. गौरव कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संवेदनशील मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या है या दुर्घटना। पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
उल्लेखनीय है कि युवक की बरामदगी में देरी से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुधवार को खाजेकलां थाना क्षेत्र के लोहा के पुल नून के चौराहा के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। लोगों का आरोप था कि पुलिस खोजबीन में सुस्ती बरत रही है। अब शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *