साइबर ठगों ने एप व वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से कदमकुआं निवासी कारोबारी को शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने का पाठ पढ़ाया और दस करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाकर उनसे 2.24 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
ठगों ने इस घटना को पिछले साल नवंबर से इस वर्ष जनवरी के बीच अंजाम दिया। पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ तब उन्होंने इसकी शिकायत साइबर थाने में की।
साइबर थाने की पुलिस केस दर्ज तकनीकी अनुसंधान कर रही है। पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि कुछ माह पूर्व उन्हें इंटरनेट मीडिया से एक कंपनी के बारे में सूचना मिली। जब उन्होंने उसे सर्च किया तो कंपनी के नंबर से उन्हें फोन आया। उस कंपनी से जुड़े ठगों ने उनके मोबाइल नंबर को एक वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ दिया। ग्रुप में दो एडमिन थे, जिनका चार मोबाइल नंबर एड था। वहां उन्हें एप के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने की बात कहीं गई। इस बीच अपने चार अलग अलग बैंक खातों से आरटीजीए के जरिए पैसा ट्रांसफर करते गए। ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाने के लिए एप मुनाफा भी दिखा रहे थे। इस तरह वह 2.24 करोड़ रुपये ठगों को अलग-अलग खातों में जमा कर चुके थे, तब उन्हें एप पर मुनाफा के रूप में 10 करोड़ 15 लाख की राशि दिखाया जा रहा था। जब पीड़ित रुपये निकासी करने का प्रयास किए तब उनसे खाते का बीमा, इनकम टैक्स के नाम पर और रुपये जमा करने को कहा जा रहा था। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
इसी तरह शास्त्रीनगर निवासी एक युवक को टेलीग्राम एप पर बने ग्रुप से जोड़कर ऑनलाइन ट्रेडिंग के बारे में जानकारी दी गई। फिर उन्हें रुपये निवेश करने पर एक सप्ताह में 15 से 20 प्रतिशत का मुनाफा देने की बात कहीं गई। वह ठगों के झांसे में आ गए और उनसे 2.79 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
