December 27, 2025

पूर्णिया किशनगंज सीमा पर स्थित अनगढ़ थाना क्षेत्र के मजगामा हाट में पूजा के लिए बनाई जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा गुरुवार रात तोड़ दिए जाने पर जमकर बवाल हुआ। शुक्रवार सुबह क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रतिमा तोड़ने का आरोप रौटा थाना क्षेत्र के मंगलपुर के मु. एहतशाम नामक युवक पर लगाया गया। गुस्साए लोगों ने आरोपित को पकड़कर पहले पीटा, फिर रस्सी से दोनों हाथ बांधकर घर से बाहर ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आग लगाकर विरोध जताने लगे। तनाव बढ़ने के दौरान भीड़ ने मजगामा हाट में बर्तन व जूते की दो दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस बार-बार विश्वास दिलाती रही कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन भीड़ शांति के लिए तैयार नहीं थी। स्थिति बिगड़ती देख बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए चार चक्र हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज

कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर पूर्णिया के डीआइजी प्रमोद कुमार मंडल, एसपी स्वीटी सहरावत, बायसी डीएसपी तथा कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है। डीआइजी प्रमोद कुमार मंडल ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *