भभुआ नगर के एक रेस्टोरेंट से पैक कराया गया पनीर और मंच्यूरियन खाना तीन युवकों पर भारी पड़ गया। खाना खाने के करीब एक घंटे बाद ही तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को उल्टी के बाद इलाज मिलने पर राहत मिल गई। मृतक की पहचान सारंगपुर निवासी 20 वर्षीय विशाल कुमार तिवारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हालत बिगड़ने पर युवक को भोर में सदर अस्पताल भभुआ लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित रेस्टोरेंट को बंद करा दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सैंपल इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच के लिए पटना भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद भभुआ नगर में दहशत का माहौल है। लोग होटल और रेस्टोरेंट के खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
