February 16, 2026
rks

रणबीर कपूर ने अपनी फिल्मों के निर्माण में लगने वाले लंबे समय और रिलीज में होने वाली देरी पर खुलकर बात की है। इंस्टाग्राम लाइव के दौरान फैंस से बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि उनके करियर में फिल्मों का लंबा खिंचना एक तरह का पैटर्न बन गया है। उन्होंने कहा, “जब दूसरे लोग फिल्में शुरू करते हैं तो छह महीने में पूरी हो जाती हैं, लेकिन मेरी फिल्मों को समय लगता है। हालांकि जब फिल्म रिलीज होती है, तो दर्शक यह भूल जाते हैं कि उसे बनाने में कितना वक्त लगा।” रणबीर ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से अपनी आगामी परियोजनाओं पर लगातार मेहनत कर रहे हैं।

अभिनेता ने पुष्टि की कि रामायण : भाग 1 उनकी अगली रिलीज होगी, जिसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगी। लाइव के दौरान एक प्रशंसक ने बताया कि फिल्म की रिलीज उनकी बेटी राहा के जन्मदिन के आसपास होगी, जिसे रणबीर ने ‘खूबसूरत संयोग’ कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘लव एंड वॉर’ ‘रामायण’ के बाद रिलीज होगी और इसके दिसंबर 2026 या शुरुआती 2027 में आने की संभावना है।

रणबीर ने आगे बताया कि ‘ब्रह्मास्त्र 2’ पर काम जारी है और इसकी शूटिंग उम्मीद से पहले शुरू हो सकती है। वहीं ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग भी अगले साल मध्य तक शुरू होने की संभावना है। ‘ये जवानी है दीवानी 2’ पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल इसका कोई प्लान नहीं है। गौरतलब है कि उनकी पिछली फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर कई रिकॉर्ड तोड़े थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *