राजा बाजार फ्लाईओवर पर एक लेन में सोमवार की सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक जाम की स्थिति रही। एक निजी कार के मुख्य सड़क पर ही खराब होने से जाम की स्थिति हो गई। बाद में यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन से कार को खींच कर ले गई तब फ्लाईओवर पर वाहनों का दबाव कम हुआ।
सुबह 9.30 बजे फ्लाईओवर के पिलर संख्या 12 के पास रूकनपुरा की ओर से आ रही कार खराब हो गई। कार -स्टार्ट नहीं हो रही थी। कार चालक मुख्य सड़क पर ही वाहन को छोड़ चला गया। इसे लेकर रूकनपुरा से डाकबंगला की ओर आने वाले वाहनों की कतार लग गई। पाटलिपुत्र रेलवे फ्लाईओवर से राजा बाजार फ्लाईओवर तक एक लेन
में वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन वाहनों का इतना दबाव हो गया था कि बाद में रूकनपुरा की ओर से आने वाले वाहनों को फ्लाई ओवर के नीचे से जाना पड़ा। नीचे वाला रूट भी जाम हो गया। 11 बजे के बाद क्रेन मौके पर पहुंची तथा कार को वहां से हटाया गया। इसके बाद
यातायात सामान्य हुआ।
वहीं बाढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर सोमवार को ही एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे इस रूट पर भी जाम की स्थिति हो गई। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम पहुंची तथा क्रेन के सहयोग से दुघर्टनाग्रस्त वाहन को हटाया गया।
