राजधानी पटना में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर दबाव बढ़ता दिख रहा है। आठ मार्च तक की बैकलॉग रिपोर्ट के अनुसार, शहर और आसपास की कई प्रमुख गैस एजेंसियों में सैकड़ों से लेकर हजारों तक सिलेंडर की बुकिंग लंबित है। कई जगह उपभोक्ताओं को पांच से दस दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक बैकलॉग शहीद गणेश इंडेन एजेंसी में दर्ज किया गया है। यहां कुल 3837 सिलेंडर की रिफिल लंबित है। इनमें से 1403 बुकिंग पांच से दस दिन पुरानी हैं, जबकि 477 उपभोक्ताओं को 10 से 20 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
इसी तरह, अखंड ज्योति इंडेन में करीब 2297, पुनित नयन एंटरप्राइजेज में 2070, योगी इंडेन सेवा में 1980 और मगध एंटरप्राइजेज में 1646 सिलेंडर का बैकलॉग दर्ज किया गया है। कई अन्य एजेंसियों में भी लंबित बुकिंग की संख्या हजार के आसपास पहुंच गई है।
