वैशाली जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की गुप्त सूचना पर सराय थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अफीम और हेरोइन के साथ तीन अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हाजीपुर–मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर सराय थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर पटेढा टोल प्लाजा के समीप की गई। पुलिस के अनुसार तस्कर नेपाल के पोखरा जिले से मादक पदार्थ लेकर मुजफ्फरपुर होते हुए हाजीपुर के रास्ते झारखंड जा रहे थे। पकड़े गए तस्कर झारखंड के चतरा और पलामू जिले के निवासी बताए गए हैं। इस दौरान एक झारखंड नंबर की चारपहिया वाहन को भी जब्त किया गया है। डीआईयू को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की झारखंड नंबर की कार में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सराय टोल प्लाजा पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन आते ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टोल प्लाजा के बैरियर पर वाहन को पकड़ लिया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वाहन और तस्करों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गियर बॉक्स के बाईं ओर सीट के पास एक काले पॉलिथीन में अफीम तथा गाड़ी के पीछे बने बॉक्स से पारदर्शी प्लास्टिक में हल्के भूरे रंग का पाउडरनुमा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में अनिल कुमार गुप्ता ने स्वीकार किया कि बरामद पाउडर हेरोइन है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ नेपाल के पोखरा जिले से एक अज्ञात व्यक्ति से लेकर आए थे। इसे झारखंड में खुदरा स्तर पर नशा करने वालों को बेचने की योजना थी। पुलिस ने कुल 1.4 किलोग्राम अफीम और 1.58 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सराय थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सदर टू एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि गिरफ्तार तीनों तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
