बिहार के पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह की बहन के घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई. चोरों ने घर में मौजूद डेढ़ लाख रुपये नकदी, करीब तीन लाख रुपये के गहने, लाइसेंसी रायफल की गोलियां और चार घड़ियां चोरी कर लीं. घटना पीसी कॉलोनी स्थित डी-128 मकान में हुई.
राजधानी पटना में चोरों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. चोर अब वीवीआईपी इलाकों में भी चोरी करने से नहीं घबरा रहे हैं. ताजा मामला पटना के कंकड़बाग इलाके से सामने आया है. यहां पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह की बहन के घर से डेढ़ लाख रुपये नकद, करीब तीन लाख रुपये के गहने, लाइसेंसी रायफल की गोलियां और चार घड़ियां चोरी हो गईं. घटना पीसी कॉलोनी स्थित डी-128 मकान में हुई. घर बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के मुताबिक, पूर्व मंत्री की बहन और बहनोई ललितेश्वर प्रसाद सिंह खगड़िया गए हुए थे, जबकि उनका बेटा शशांक कुमार होली मनाने लखनऊ स्थित ससुराल गया था. घर को खाली पाकर दो बाइक से पहुंचे छह बदमाशों में से दो गेट फांदकर घर में घुस गए और गेट से लेकर कमरों तक लगे पांच तालों को काट दिया.
करीब तीन घंटे तक घर में रहकर बदमाशों ने अलमारी, पलंग और बक्सों को तोड़कर नकदी, गहने, घड़ियां और रायफल की गोलियां चुरा लीं. घटना की सूचना मिलने के बाद कंकड़बाग थाने में केस दर्ज कराया गया है और डीजीपी को भी जानकारी दी गई है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है. चोरी के पीछे किसी लाइनर के होने की आशंका जताई जा रही है.
