साइबर थाने की पुलिस ने इनवेस्टमेंट और गेमिंग फ्रॉड के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इनके ठिकाने से नौ मोबाइल फोन, 14 डेबिट कार्ड, 11 चेकबुक (जिसमें तीन ब्लैंक चेक साइन किए हुए), एक पासबुक, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक लैपटॉप और पांच मुहर बरामद किए हैं।
साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी अर्जुन कुमार और गोरिगामा टोला निवासी रंधीर कुमार के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई द्वारा संचालित ऑपरेशन साइबर प्रहार के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सात मार्च को मिली सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
इसके बाद साइबर थाना की टीम ने रामपुरहरि थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विभिन्न बैंकों से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने विभिन्न माध्यमों से किए जाने वाले साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इनके पास से बरामद मोबाइल नंबर और बैंक खातों पर देश के अलग-अलग राज्यों से 30 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
