इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के खिताब की दौड़ अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जमशेदपुर एफसी अब भी चैंपियन बनने की रेस में बनी हुई है। टीम बुधवार 21 मई को शाम 7:30 बजे जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ओडिशा एफसी के खिलाफ अपना आखिरी लीग मुकाबला खेलेगी। 12 मैचों में 21 अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मौजूद जमशेदपुर एफसी जीत के साथ 24 अंक तक पहुंच सकती है। हालांकि टीम की खिताबी उम्मीदें अन्य मुकाबलों के परिणामों पर भी निर्भर करेंगी। जमशेदपुर एफसी को चैंपियन बनने के लिए ओडिशा एफसी के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। इसके अलावा पंजाब एफसी और मुंबई सिटी एफसी का मुकाबला ड्रॉ होना जरूरी है, जबकि ईस्ट बंगाल एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट को अपने अंतिम मैच में जीत से रोकना होगा।
मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने कहा कि टीम का पूरा फोकस अपने मुकाबले को जीतने पर है। उन्होंने कहा, “सबसे जरूरी है कि हम अपना मैच जीतें। अगर हम जीतते हैं और पंजाब-मुंबई का मैच ड्रॉ रहता है तो हम उनसे ऊपर रहेंगे। बाकी नतीजों पर हमारा नियंत्रण नहीं है, इसलिए फिलहाल हमारा लक्ष्य सिर्फ जीत हासिल करना है।” पिछले मुकाबले में बेंगलुरु एफसी से मिली हार के बावजूद कॉयल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे सीजन में आक्रामक फुटबॉल खेली है और अंतिम मैच में भी उसी सोच के साथ मैदान में उतरेगी। टीम के कप्तान स्टीफन एज़े ने कहा कि खिलाड़ी किसी दबाव में नहीं हैं और सामान्य खेल पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “दूसरी टीमों पर हमसे ज्यादा दबाव है। हमें हर गेंद के लिए लड़ना है और तीन अंक हासिल करने हैं।”
एज़े ने ओडिशा एफसी को हल्के में नहीं लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि विरोधी टीम के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और वह खेल बिगाड़ सकती है। इसलिए टीम को रक्षापंक्ति मजबूत रखते हुए मिले मौकों को गोल में बदलना होगा। कोच ओवेन कॉयल और कप्तान स्टीफन एज़े ने फैंस से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर टीम का समर्थन करने की अपील भी की। दोनों ने कहा कि पूरे सीजन में समर्थकों का उत्साह शानदार रहा है और अंतिम मुकाबले में भी टीम को उसी ऊर्जा की जरूरत है।
