ईरान-इजराइल युद्ध का असर भारतीय किचन तक पहुंच गया है. युद्ध के कारण LPG सप्लाई कम हो गई है, जिसके कारण कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी भी की गई है. तो वही, कई जगहों पर एलपीजी गैस के कालाबाजारी का मामला भी सामने आ रहा है. इसी क्रम में पटना के शाहपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई जिला प्रशासन के आदेश पर अनुमंडल प्रशासन के द्वारा की गई है. जिला प्रशासन को सूचना मिल रही थी कि पटना के दानापुर अनुमंडल स्थित शाहपुर में दो जगहों पर कालाबाजारी के लिए भारी मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर का भंडारण किया गया है.
इसी सूचना के आधार पर अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में MO मनेर, MO बिहटा, MO नौबतपुर सहित MO दानापुर के साथ एक टीम गठित करते हुए दानापुर अनुमंडल के शाहपुर में एक दुकान सहित गोदाम में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान दुकान और गोदाम से भारी मात्रा में एलपीजी गैस के सिलेंडर को बरामद किया गया है. साथ ही उपभोक्ताओं की सैकड़ों किताबें भी जब्त की गई है. 100 से अधिक सिलेंडर बरामद
इस पूरे मामले में दानापुर अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी तेज प्रताप ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के आदेश पर छापेमारी की गई है. कई जगह से सूचना मिल रही थी कि लाभुकों को गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है. इसी सूचना पर छापेमारी की गई है. 100 से अधिक सिलेंडर को बरामद किया गया है. अभी छापेमारी जारी है, जब्त सिलेंडर कालाबाजारी के लिए रखा गया था. हालांकि अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
