April 10, 2026
image (3)

मोतीपुर थाना क्षेत्र में एलपीजी टैंकर से गैस रिफिलिंग के
धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सोमवार रात एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एलपीजी से भरा नगालैंड नंबर का एलपीजी टैंकर, बिना नंबर प्लेट की पिकअप वैन, ई-रिक्शा, 54 खाली सिलिंडर और गैस रिफिलिंग के उपकरण जब्त किए गए। टैंकर से आइओसीएल कंपनी की गैस ओडिशा के पारादीप से नेपाल भेजी जा रही थी। छापेमारी में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने रिफिलिंग करने वाले गिरोह के तार नेपाल से जुड़े होने की आशंका जताई है। धंधेबाजों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा को सूचना मिली थी कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे एलपीजी टैंकर
से गैस की अवैध रिफिलिंग हो रही है। एसएसपी ने एसडीपीओ पश्चिमी वन के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम ने सोमवार रात नरियार के समीप एनएच किनारे गाछी में छापेमारी की। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, गिरोह के बदमाश लोड टैंकर से खाली सिलिंडर में गैस रिफिलिंग की तैयारी में जुटे थे। छापेमारी होते ही सभी धंधेबाज
मौके से भाग निकले। छापेमारी टीम ने मौके से एलपीजी लोड टैंकर व अन्य वाहनों के साथ 54 गैस सिलिंडर व उपकरण जब्त किए। । मंगलवार की देर शाम प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उमेश कुमार की शिकायत पर टैंकर चालक, पिकअप, ई-रिक्शा और रिफिल करने वाले के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *