March 13, 2026
image

विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार स्वास्थ्य सेवाएं आधारभूत संरचना निगम (बीएमएसआईसीएल) के उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। छापामारी के लिए पहुंची टीम को देखते ही फ्लैट में रखे करीब सवा करोड़ रुपये के हीरा, सोना और चांदी के जेवरात तथा 32 लाख रुपये नकद बाहर फेंकने की कोशिश की। बावजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को जब्त कर लिया। एसवीयू से मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीजीएम पंकज कुमार ने पद का दुरुपयोग करते हुए करीब 13 वर्ष की सेवा अवधि में अपनी आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की।
इनके खिलाफ 96.46 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जांच एजेंसी ने कोर्ट से छापामारी का वारंट प्राप्त किया।
गुरुवार को विशेष निगरानी इकाई की टीम ने पटना में उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। इनमें कदमकुआं स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट का फ्लैट, सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीघाट स्थित आवास और पीएमसीएच परिसर में स्थित बीएमएसआईसीएल का कार्यालय शामिल है। छापामारी के दौरान टीम को कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। जांच में पता चला है कि कंकड़बाग के पृथ्वीपुर स्थित शिवम अपार्टमेंट में उनके दो फ्लैट हैं, जबकि कदमकुआं में भी एक फ्लैट उनके नाम पर है।
तलाशी के दौरान सोने के आभूषण खरीदने से संबंधित 150 से अधिक रसीदें भी बरामद हुई हैं। इसके अलावा बैंक खातों और वित्तीय संस्थानों में निवेश से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं। जब्त नकदी और जेवरात के बारे में पंकज कुमार ने स्वीकार किया है कि यह उनकी ही संपत्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *