नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित मोगलकुआं इलाके में मस्जिद के पास से डीजे बजाते हुए गुजर रही एक बारात को लेकर दो समुदायों के बीच कहासुनी और हल्की झड़प हो गई। नमाज के दौरान डीजे की आवाज पर आपत्ति जताने के बाद विवाद बढ़ा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।
नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मोगलकुआं इलाके में मंगलवार की रात एक बारात में डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला तुरंत शांत करा लिया गया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सोहसराय थाना क्षेत्र की बॉली पर से होते हुए एक बारात मोगलकुआं मस्जिद के पास से गुजर रही थी। बारात में डीजे बज रहा था। बताया जाता है कि उसी समय मस्जिद में दूसरे समुदाय के लोग नमाज अदा कर रहे थे। नमाजियों ने डीजे की आवाज पर आपत्ति जताते हुए उसे बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर बारात में शामिल लोगों और वहां मौजूद दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हल्की झड़प में तब्दील हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। घटना के समय मौके पर मौजूद ‘डायल 112’ की पुलिस टीम ने स्थिति की नजाकत को भांपते हुए तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आनन-फानन में कई थानों की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद से पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में सोहसराय के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि मस्जिद के पास से एक बारात गुजर रही थी। डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी तरह की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल कैंप कर रहा है।
