February 23, 2026
meet

देश के प्रमुख उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी रविवार दोपहर भागलपुर जिले के पीरपैंती पहुंचे, जहां उन्होंने समूह द्वारा निर्माणाधीन थर्मल पावर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया. उनका यह दौरा राज्य में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर एवं आसपास के लगभग 479 हेक्टेयर क्षेत्र में बन रहा यह पावर प्लांट 2400 मेगावाट क्षमता वाला अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्लांट होगा. गंगा नदी के उत्तरी तट, दक्षिण में नेशनल हाईवे और समीप स्थित पीरपैंती रेलवे स्टेशन के कारण यह स्थान लॉजिस्टिक दृष्टि से बेहद रणनीतिक माना जा रहा है.
परियोजना पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जो बीते कई दशकों में बिहार में किसी औद्योगिक समूह द्वारा किया गया सबसे बड़ा निवेश बताया जा रहा है. निर्माण कार्य के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है, जबकि संचालन शुरू होने पर करीब 3000 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा. दौरे के दौरान गौतम अदाणी ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरणीय संतुलन के प्रति समूह की प्रतिबद्धता भी जताई. फिलहाल परियोजना स्थल पर चहारदीवारी निर्माण और भूमि समतलीकरण का कार्य जारी है. लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में यह मेगा प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार हो जाए.
ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल बिहार की बिजली जरूरतों को मजबूती देगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, औद्योगिक निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को भी नई गति प्रदान करेगी. उद्योग जगत की इस बड़ी हस्ती का दौरा राज्य में निवेश और विकास के प्रति सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *