मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र के चिचड़ी गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 16 माह के मासूम कार्तिक कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मुजफ्फरपुर जिले में देर शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 16 माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना जिले के कटरा थाना क्षेत्र के चिचड़ी गांव इलाके की बताई जा रही है। मृतक बच्चे की पहचान कार्तिक कुमार, पिता संजय कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि कार्तिक कुमार अपने घर के पास बरामदे पर बहन के साथ खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बरामदे के पास पहुंच गई और मासूम कार्तिक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद भाग रहे वाहन चालक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने तुरंत कटरा थाना की पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वहीं चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
