मीरगंज थाना क्षेत्र के बरईपट्टी मोड़ के समीप सोमवार की अहले सुबह अज्ञात पिकअप ने पुलिस भर्ती की तैयारी को सड़क किनारे दौड़ लगा रहीं तीन छात्राओं को रौंद दिया। हादसे में दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान अमोद राम की 15 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और दीना नाथ यादव की 18 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी के रूप में हुई है। दोनों मीरगंज थाना क्षेत्र के बरईपट्टी टोला गांव की रहने वाली थीं। वहीं घायल लड़की 18 वर्षीय अनुकुमारी है, जो राजेश राम की पुत्री है। बताया जाता है कि तीनों छात्राएं पुलिस भर्ती की तैयारी करती थीं और प्रतिदिन सुबह दौड़ने के लिए जाती थीं। सोमवार की अहले सुबह भी तीनों एक साथ दौड़ने के लिए घर से निकलीं। तीनों जब एन एच 531 पर बरईपट्टी मोड़ के पास पहुंची तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया।
