February 24, 2026
car

अथमलगोला थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर एंबुलेंस और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत बाढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एंबुलेंस सवार सभी लोग पटना से पूर्णिया लौट रहे थे। इसी दौरान सबनिमा गांव के समीप फोरलेन पर अज्ञात वाहन से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में मृतकों की पहचान अंजुम खातून (पति बदरुद्दीन साह), निवासी पारसमणी, थाना सरसों, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। दूसरे मृतक राज किशोर सिंह (पिता बुद्धिमान सिंह), निवासी करैली बारी, थाना दिघलबैंक, जिला किशनगंज बताए गए हैं। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। फोरलेन पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *