मालसलामी थाना क्षेत्र के एनएच किनारे स्थित संग्रामचक कॉलोनी के एक बंद मकान का ताला काट कर चोरों ने आभूषण, नकद समेत लगभग आठ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। सूचना पाकर शुक्रवार को पहुंची पुलिस जांच में जुटी रही। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी करने के साथ ही कई साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि चोरी की घटना में दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गृहस्वामी घन्श्याम मिश्रा समेत स्वजन ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग 7:20 बजे संग्रामचक कॉलोनी का मकान बंद कर छोटी नगला स्थित दूसरे मकान में गए थे। कॉलोनी वाले मकान में काम चल रहा है। शुक्रवार की सुबह मिस्त्री के आने पर यहां पहुंचा तो देखा कि मेनगेट का ताला टूटा था। तीनों कमरों के दरवाजे खुले थे। ताला काटा हुआ था। कमरे में पलंग पर सामान बिखरे थे। अलमीरा खुला था। पड़ोसी को आवाज दिया तो उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगी थी। गृहस्वामी ने बताया कि लाकेट, चेन, मांगटीका, नथिया, पायल, अंगूठी, कमरधनी समेत अन्य आभूषण और लगभग 90 हजार रुपए नगद गायब है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित ने तीन लाख के जेवर और 70 हजार रुपए चोरी होने का आवेदन दिया है। पुलिस प्राथमिकी कर जांच में जुटी है। एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटा रही है। दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
