शंभूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में इंटरमीडिएट में पढ़ने वाली एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ शनिवार शाम सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना से आहत नाबालिग ने क्षेत्र की एक पंचायत के उपमुखिया सहित दो लोगों के खिलाफ शनिवार की रात थाने में गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात में ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पंचायत के उपमुखिया गौतम मंडल और उसी पंचायत के मुखिया का चचेरा भाई छोटू कुमार है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को छात्रा इंटरमीडिएट का रजिस्ट्रेशन कराने क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय गई थी। रजिस्ट्रेशन का काम अधूरा रहने पर ममेरी बहन के साथ समीप स्थित ननिहाल चली गई।
शनिवार को विद्यालय में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद वापस घर लौटने के दौरान घटना हुई। दोनों आरोपियों ने जबरन मुंह काला किया। नाबालिग छात्रा देर रात घर पहुंची और घटना की जानकारी माता-पिता को दी। पीड़ित परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे। वहीं, पंचायत की मुखिया नेहा देवी ने घटना को शर्मनाक बताया है। थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी उपमुखिया ने अपराध कुबूल किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में रविवार को बांका भेज दिया गया।
