February 12, 2026
BLACK MAIL

ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। मामला परसा बाजार थानांतर्गत एतवारपुरटांड का है। हत्याकांड में पुलिस ने बेउर थाना क्षेत्र के साईंचक निवासी गुड़िया कुमारी, एतवारपुर निवासी विजय कुमार और बैरिया बाजार निवासी अश्विनी कुमार को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त तीन मोबाइल, अपाचे और लोहे का नुकीली हथियार भी जब्त किया गया है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि गुड़िया का अवैध संबंध विजय और उसके चालक सूरज से था। सूरज ने निजी पलों के अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे, जिसके माध्यम से वह गुड़िया को ब्लैकमेल किया करता था। इसकी जानकारी गुड़िया ने विजय को दी। विजय ने सूरज की लोकेशन जानने के लिए दूसरे चालक अश्विनी को तैयार किया। इसके बाद परसा बाजार में रेलवे लाइन के पश्चिम परती खेत में गला दबा कर सूरज की हत्या कर दी। इस दौरान उसके सीने पर नुकीली हथियार से वार भी किया गया था।

गुड़िया ने पहले पति राहुल राज को छोड़ दिया था। इसके बाद से वह विजय के साथ रह रही थी। हालांकि, राहुल से उसने तलाक नहीं लिया था। राहुल से उसे तीन बच्चे हैं। विजय के जरिये गुड़िया का परिचय सूरज से हुआ था। वह विजय के टैंकर का चालक था। अक्सर घर आने-जाने के क्रम में एक वर्ष पूर्व गुड़िया और सूरज की नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गया था। विजय को जब इसकी जानकारी हुई तो वह काफी नाराज हुआ। उसके कहने पर गुड़िया ने सूरज से रिश्ता तोड़ दिया था। बावजूद इसके सूरज वीडियो और फोटो दिखा कर गुड़िया को शारीरिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था।

खाने-पीने के बहाने गुड़िया ने सूरज को एतवारपुर स्थित डेरा पर बुलाया था। इसके बाद उसने विजय को सूरज के आने की जानकारी दी। तब विजय और अश्विनी बाइक से उसके डेरा पर आए थे। खिलाने-पिलाने के बाद विजय और अश्विनी बाइक से सूरज को सुनसान स्थान पर लेकर गए, जहां दोनों ने मिल कर उसकी हत्या कर दी। 19 जून की सुबह सात बजे स्थानीय लोगों की सूचना पर सूरज का शव बरामद किया गया था। हालांकि, उस वक्त शव की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में स्वजन पहुंचने तो शव की शिनाख्त सारण जिले के अवतार नगर थानांतर्गत नया हराजी टोला निवासी 30 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में की गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए तीनों आरोपितों ने नए सिम का उपयोग किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *