
स्थानीय बाजार की सिंह कॉलोनी में बुधवार की रात सिरफिरे युवक ने घर में घुस युवती और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग में हुई घटना बता रही है। मृतकों में योगेंद्र राम की 40 वर्षीया पत्नी पुटूस देवी और उनकी 18 साल की बेटी पूनम कुमारी है।
घायल सिरफिरा चंडी मऊ गांव निवासी राजीव कुमार का 25 वर्षीय मनीष कुमार है। वह पावापुरी मेडिकल कॉलेज में इलाजरत है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार की देर शाम सिरफिरे ने युवती के घर का दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा युवती की मां ने खोला।
इसके बाद बिना कुछ कहे उसने महिला को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बेटी दरवाजे पर पहुंची तो सिरफिरे ने उसे भी गोली मार दी। इसके बाद खुद के सिर में गोली मार ली। युवती की शादी तय हो चुकी थी। 28 अप्रैल को बारात आने वाली थी। 22 अप्रैल को तिलक समारोह था। इसकी तैयारी घर में चल रही थी। गोली मारने वाला युवक मृतक युवती के भाई का दोस्त है।