February 24, 2026
BIHAR

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)  कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय में प्रेस वार्ता कर नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत संपन्न मतदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।  जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कुल 70 वार्डों के 249 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराया गया। जिले में कुल 2,53,711 मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 53.40 रहा।

निकायवार मतदान प्रतिशत निम्नवत है-

मानगो नगर निगम: 50.8%

जुगसलाई नगर परिषद: 59.6%

चाकुलिया नगर पंचायत: 72.9%

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियमित निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव कार्य में लगे सभी पदाधिकारी व कर्मियों, पुलिस बल, मीडिया प्रतिनिधियों व प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोगी सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि मतगणना निर्धारित तिथि 27 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जाएगी। जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *