हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, समेत देश की तमाम हस्तियों ने शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा कि धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के लिए अत्यंत बड़ी क्षति है। दशकों तक यादगार भूमिकाएं निभाने वाले धर्मेंद्र कलाकारों की नई पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे। राष्ट्रपति ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि आज धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अभिनेता को हाल में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन पहले ही डिस्चार्ज कर दिया था और उनका इलाज घर पर चल रहा था। इससे पूर्व 11 नवंबर को उनके निधन की अफवाह भी फैली थी, जिन्हें उनकी बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने खंडन किया था।
