September 20, 2024

जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को असम के कोकराझाड़, उदालगुड़ी और दुधनोई में जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में नड्डा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को बढ़ाने और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को बचाने का आरोप लगाया। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और असम में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों का उल्लेख किया और साथ ही भ्रष्टाचार और परिवारवाद को लेकर इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।

जनसभाओं में नड्डा ने कहा कि जनता का उत्साह और उमंग देखकर यह तय हो गया है कि असम की जनता ने आगामी चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का निर्णय ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति की चरित्र एवं परिभाषा को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि असम के क्षेत्रों में पहले विकास के नाम पर कुछ नहीं था। कुछ समय पूर्व तक कोकराझार समुदायिक दंगों, आंदोलन और बम के लिए जाना जाता था। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशन में 27 जनवरी 2020 में बोड़ो शांति समझौता स्थापित हुआ और लगभग 1615 लोगों ने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रमोद बोड़ो ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस आंदोलन में अपना समर्थन दिया और कोकराझार में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज पूरे असम में शांति, सुरक्षा और सुशासन आया है और लोगों का सशक्तिकरण हुआ है। उन्होंने कहाकि मोदी सरकार का मतलब एक सक्रिय, समर्थ और उत्तरदायी सरकार। केंद्र सरकार ने बोडोलैंड के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपये आवंटित किये गए।

नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने पूर्वोत्तर की हमेशा उपेक्षा की है। कांग्रेस के शासन में पूर्वोत्तर के राज्यों का विकास सदैव बाधित रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 70 बार पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा कर पूर्वोत्तर को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। भाजपा सरकार ने अरुणाचल प्रदेश और असम के बीच चल रहे सीमा विवाद को भी हल कर दिया गया है। नड्डा ने अरुणाचल प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में भारत एक लड़खड़ाती हुई अर्थव्यवस्था थी, आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना जैसी गंभीर महामारी और यूक्रेन युद्ध के बावजूद भारत एक मजबूत अर्थवस्था बन कर उभरा है। पूर्व की सरकारों में भारत वैश्विक स्तर पर 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज भाजपा शासन में ब्रिटेन को पीछे छोड़कर भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। नड्डा ने कहा कि भाजपा शासन में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है, इलेक्ट्रानिक उत्पादन तीन गुना बढ़ गया है। ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में जापान को पीछे छोड़कर भारत आज विश्व का तीसरी सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल उद्योग क्षेत्र बन गया है। 10 वर्ष पूर्व जिस मोबाइल पर लिखा होता था ‘मेड इन चाइना’ आज उस पर ‘मेड इन इंडिया’ लिखा है। स्टील के क्षेत्र में भारत विश्व में दूसरे नंबर पर आ गया है, दवाओं के क्षेत्र में आज भारत दुनिया की डिस्पेंसरी है।

भाजपा अध्यक्ष ने इंडी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन परिवारवादियों और भ्रष्टचरियों का जमावड़ा है। एक तरफ प्रधानमंत्री का संकल्प भ्रष्टाचार हटाना है, वहीं दूसरी तरफ इंडी गठबंधन का उद्देश्य भ्रष्टाचारियों को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बोफोर्स, अगस्ता वेस्टलैंड, पनडुब्बी, चावल, चीनी, कोयला, हेलीकाप्टर, 2जी और 3जी सहित कई घोटाले किए। अखिलेश, ममता बनर्जी, के. कविता, अरविंद केजरीवाल और एमके स्टालिन सहित इंडी गठबंधन के तमाम नेताओं पर भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जेल में हैं। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, लालू यादव बेल पर बाहर हैं तथा अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और केजरीवाल के खिलाफ केस चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *