February 10, 2026
book

जमशेदपुर में पहली बार जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल का 20 व 21 दिसम्बर को बिष्टुपुर स्थित रमाडा में होगा. जमशेदपुर लिटरेचर फेस्पिटल में साहित्य, कला व संस्कृति का संगम होगा. यह आयोजन शहरवासियों के लिए खास होगा क्योंकि इसमें साहित्य, संस्कृति, कला, सिनेगा, चित्रकला समेत अन्य क्षेत्रों में जुड़ी कई नामी हस्तियां भाग लेंगी. संयोजक संदीप मुरारका ने कहा कि उद्घाटन एवं समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार के मंत्रीगण सुदिव्य कुमार सोनू व योगेंद्र प्रसाद, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय व टाटा स्टील के वाइस प्रेसीडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डी बी सुन्दर राममन की सहभागिता रहेगी।  साकची स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में विद्यादीप फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में संयोजक संदीप मुरारका ने कहा कि कला, कलम व विचारों के संगम जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2025 का आयोजन 20 व 21 दिसंबर किया जा रहा है. इस साहित्यिक महोत्सव में देश-विदेश से आए लेखक, पत्रकार, कलाकार, प्रशासक, विचारक पद्मश्री अलंकृत विभूतियां सहभागिता करेंगी. संयोजक कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि फिल्मी दुनिया से वेब सीरीज ‘पंचायत’ के विधायक जी पंकज झा (मुंबई), ‘स्कैम 1992’ के चर्चित बैंक मैनेजर राजेश जैस (मुंबई), ‘उड़ता पंजाब’, ‘डेढ़ इश्किया’, ‘सोनचिडय़िा’ ‘किलर सूप’ के निर्देशक अभिषेक चौबे (मुंबई) से श्रोताओं को रू-ब-रू होने का अवसर मिलेगा. संयोजक अजय भालोटिया ने बताया कि कला और चित्रों की दुनिया से विख्यात चित्रकार मनीष पुष्कले (नई दिल्ली), गोंड कलाकार पद्मश्री भज्जू श्याम (भोपाल), वरली पेंटिंग विशेषज्ञ आकांक्षा सिंह (वाराणसी) एवं सोहराय चित्रकार पुनिता कुमारी (जमशेदपुर) ‘कैनवास और ब्रश’ के जादू से रू-ब-रू कराएंगे।

संयोजक मंटू अग्रवाल ने कहा कि संगीत व लोककला के क्षेत्र में चर्चित गायक राहगीर (सीकर, राजस्थान) का कार्यक्रम 20 दिसंबर को शाम बजे आयोजित होगा, जबकि कालबेलिया नृत्य की अंतरराष्ट्रीय कलाकार पद्मश्री गुलाबो सपेरा (जयपुर) का मंचन 21 दिसंबर को शाम साढ़े सात बजे से होगा. कार्यक्रम में प्रवेश पत्र अनिवार्य है. आयोजन समिति के संयोजक अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने बताया कि देश के महान विचारक व चिंतक राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश (नई दिल्ली) भी इस महोत्सव का हिस्सा होंगे. उनका व्याख्यान 20 दिसंबर को संध्या साढ़े पांच बजे होगा. अन्य वक्ताओं ने कहा कि जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल समृद्ध होगा. महानिदेशालय जीएसटी इंटेलिजेंस, नई दिल्ली के अपर महानिदेशक वशिष्ठ चौधरी, मंत्रिमंडल सचिवालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के एडीशनल सेक्रेटरी सौरभ तिवारी, सीबीडीटी, नई दिल्ली की अपर महानिदेशक ऋतु शर्मा व भारत सरकार, नई दिल्ली की संयुक्त सचिव अंजू रंजन का फेस्टिवल में आगमन हो रहा है. वहीं एक्साइज कमिश्नर मुकेश नेमा एवं राजस्व सेवा अधिकारी वैभवमणि त्रिपाठी प्रशासन और साहित्य के समन्वय पर संवाद करेंगे. बहुभाषीय संस्था सहयोग की संस्थापक डॉ. जूही समर्पिता ने बतलाया कि पत्रकारिता जगत से इंडिया टुडे के सहायक संपादक डॉ. अंजुम शर्मा, एनडीटीवी से वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन, पत्रकार एवं लेखक अनुज कुमार सिन्हा, जयपुर की क्रेडेंट टीवी के डॉ. राकेश कुमार व रांची से संजय कृष्णा जैसे वरिष्ठ पत्रकार सहभागिता करेंगे.सहयोग की अध्यक्ष डॉ. मुदिता चंद्रा ने बतलाया कि पर्यावरण और नदी विमर्श पर देश के जाने माने पत्रकार एवं लेखक सोपान जोशी (दिल्ली), पद्मश्री लक्ष्मण सिंह (राजस्थान), पद्मश्री सुंडाराम वर्मा (राजस्थान), पद्मश्री जमुना टुडू, पद्मश्री चामी मुर्मू, डा. दिनेश मिश्र व डा. शिव ओम सिंह (उत्तर प्रदेश) जैसे नाम प्रमुख रहेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन में पद्मश्री अलंकृत प्रेरक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा जिस सत्र का विषय प्रवेश वाराणसी से आ रहे नागरी प्रचारिणी सभा के व्योमेश शुक्ल करेंगे. इस सत्र में प्रेमलता अग्रवाल, जानुम सिंह सोय, डॉ. दमयंती बेसरा, दीपिका कुमारी, छूटनी देवी एवं शशाधर आचार्य जैसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व उपस्थित रहेंगे. संयोजक डॉ रागिनी भूषण ने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय दृष्टि से स्वीडन से प्रो. स्वाति पराशर तथा सिंगापुर से विनोद दूबे अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करेंगे. उन्होंने कहा कि कार्टून एवं कैरिकेचर की दुनिया से आबिद सुरती (मुंबई) और मनोज कुमार सिन्हा (नई दिल्ली) व्यंग्य और चित्रों से जमशेदपुर को जोडेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय, एमडीएस विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षाविद् प्रो. (डा.) रंजन कुमार त्रिपाठी, डा. एम. के. पांडेय, डॉ. प्रणु शुक्ला व प्रो. (डा.) मंजू अग्रवाल संवाद करेंगे. साथ ही धरती, जल और जीवन के योद्धा सोमा मुंडा (खूंटी) व अधिवक्ता रश्मि कात्यायन (रांची) जनजातीय अधिकारों पर विमर्श करेंगे. संयोजक रोहित अग्रवाल ने बतलाया कि डिजिटल साहित्य व सोशल मीडिया हिंदीनामा, रचियता, यतिल्या, बुक वाला, अपनी हिन्दी जैसे प्लेटफॉर्म के संस्थापक संपादक पीयूष पुष्पम, अंकुश कुमार सिंह, अनमोल दूबे, नीरज पाठक, नितेश प्रसाद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *