कंबोडिया से पहली बार नन शिड्यूल्ड चार्टर फ्लाइट गुरुवार को सीधे गया में उतरी। स्काई अंगकोर एयरलाइन ने 42 यात्रियों के साथ गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10:35 बजे लैंडिंग की और 11:35 बजे टेक आफ किया। शशि टूर एंड ट्रेवल्स के निदेशक एवं फ्लाइट आपरेटर रवि रंजन कुमार सिंह ने बताया कि यह कंबोडिया से गया के लिए पहली नन शिड्यूल्ड चार्टर विमान सेवा है, जो मार्च महीने तक जारी रहेगी।
इस विमान सेवा को शुरू कराने में कंबोडिया के भारत में राजदूत, केंद्र सरकार और कंबोडिया में भारत के राजदूत का योगदान है। यह विमान सेवा बोधगया आने की इच्छा रखने वाले कंबोडियाई श्रद्धालु व पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इससे बोधगया के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
फ्लाइट आपरेटर ने कहा कि स्काई अंगकोर एयरलाइन कंबोडिया की प्रमुख एयरलाइन है, जो कई देशों के लिए विमान सेवा प्रदान करती है और अपने यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवा के लिए जानी जाती है। गया एयरपोर्ट अथारिटी ने पुष्टि की कि यह विमान सेवा हर गुरुवार को अगले वर्ष मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी रहेगी।
