September 19, 2024

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर बुधवार को राजधानी पटना समेत आसपास के क्षेत्र में देखने को मिला। दोपहर में मौसम का मिजाज बदला और लगभग एक घंटे की झमाझम वर्षा ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दे दी। पटना में वर्षा 14.5 मिमी दर्ज की गई। इतनी ही वर्षा से पटना की सड़कों पर जलजमाव हो गया।

गांधी मैदान, करबिगहिया, आर ब्लाक, कंकड़बाग समेत अन्य इलाकों में सड़क पर पानी भरा रहा। दिन में काले बादल के कारण कुछ समय के लिए अंधेरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पटना सहित प्रदेश में दो दिनों के दौरान हल्की व छिटपुट वर्षा के आसार हैं। जबकि, पूर्वी व पश्चिम चंपारण में गरज तड़क के साथ भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित 25 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 35.2, जबकि 37.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजधान में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 41 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग- अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। सीतामढ़ी के बोखरा में 78.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *