नगर पालिका चुनाव 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखण्ड परिसर में बनाये गए पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर एवं मतगणना सह बज्रगृह केंद्र में चल रही तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम, पार्किंग स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान कर्मियों को सामग्री वितरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न हो, इसके लिए स्पष्ट काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज एवं सहायता काउंटर की व्यवस्थसुनिश्चित की जाए।
स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास नियंत्रण एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पार्किंग व्यवस्था के संदर्भ में वाहन आवागमन को सुचारु रखने, पोलिंग पार्टियों के वाहनों की अलग से पार्किंग, रूट चार्ट की स्पष्ट जानकारी एवं ट्रैफिक प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार रखने को कहा गया, ताकि डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक कड़ी को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ संपन्न करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
