
जानीपुर थाना क्षेत्र के हुलासचक में बुधवार की रात अपराधियों ने घर में घुसकर भाई-बहन को गोली मार दी। घायलों में 42 वर्षीय एभी कुमारी और भाई 46 वर्षीय अनीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जानीपुर थानेदार बलबीर कुमार ने दोनों घायलों को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
महिला को तीन और भाईको एक गोली लगी है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह घटना पारिवारिक रंजिश का परिणाम मानी जा रही है। पुलिस ने बताया कि एभी कुमारी, अनीश कुमार समेत परिवार के कई सदस्य दिसंबर 2024 में नालंदा के – हिलसा अनुमंडल अंतर्गत अरफा गांव में ससुर की हत्या मामले में जेल गए थे। सभी आरोपित 17 मार्च को जमानत पर जेल से बाहर आए थे।
पुलिस ने घटना के बाद एभी कुमारी और अनीश कुमार का बयान दर्ज किया है। भाई-बहन ने चंदन, मनीष, बंटी, नंदोई शशि समेत दो अन्य पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ मामले की जांच में जुटी हुई है। एभी कुमारी के पति आशुतोष कुमार मूल रूप से अरवल के झूठी गांव का रहने वाला है। उन्होंने छह साल पहले हुलासचक में मकान बनवाया था और वहीं परिवार के साथ रह रहे थे।