September 19, 2024

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की आइडी से बनाए गए 19,184 फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र के मामले के मास्टरमाइंड रविकेश को उत्तर प्रदेश की एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर रायबरेली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या 18 हो गई है।

एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक आरोपित ने दो वेबसाइट व सरकारी पोर्टल के माध्यम से कई राज्यों में लगभग चार लाख फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र और करीब पांच हजार फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाए। अन्य कई संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्होंने वीडीओ की आइडी व पासवर्ड का दुरुपयोग कर जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाए हैं। एटीएस की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि दरभंगा जिले का रविकेश फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र मामले का मास्टरमाइंड है। उसे लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के लिए उसने वर्ष 2022 में पोर्टल www.crsogovr.in और वर्ष 2023 में www.thedashboard.in तैयार किया था। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को मिलाकर गैंग तैयार किया। इनमें अधिकतर सदस्य जन सुविधा केंद्र (सीएससी) संचालक हैं। रविकेश के बनाए पोर्टल के लगभग 4100 यूजर हैं, जिसमें 1500 एक्टिव यूजर हैं। रविकेश फर्जी प्रमाण- पत्रों के दम पर प्रतिदिन दो से तीन हजार रुपये कमाता था। सलोन ब्लाक में तैनात वीडीओ विजय सिंह यादव की आइडी व पासवर्ड से सीएससी संचालक जीशान खान और अन्य द्वारा जुलाई में 19,184 फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का मामला सामने आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *