पटना एयरपोर्ट पर रविवार को एक महिला यात्री की तबीयत खराब होने के बाद मौत हो गई। बेगूसराय की रहनेवाली 61 वर्षीय निर्मला देवी स्पाइसजेट की विमान से मुंबई जाने वाली थी। टर्मिनल भवन में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी तैनात नहीं थे। तबीयत खराब होने के बाद महिला छटपटाती रही, लेकिन समय पर डॉक्टर की मदद नहीं मिलने के कारण स्थिति नाजुक होती चली गई। कुछ देर बाद एयरपोर्ट पर यात्रा के लिए पहुंचे डॉक्टर मदद के लिए आगे आएं, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्होंने अस्तपाल ले जाने की सलाह दी। महिला को राजाबाजार के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय के साहेबपुर कमाल निवासी चंद्रशेखर सहनी की पत्नी निर्मला देवी स्पाइसजेट की विमान संख्या एसजी 337 से मुंबई जाने वाली थीं। महिला को शाम 7:00 बजे बोर्डिंग करना था। जबकि उनकी फ्लाइट पटना एयरपोर्ट से मुंबई के लिए 7:30 बजे उड़ान भरने वाला थी।
दोपहर तीन बजे ही महिला एयरपोर्ट पहुंच गई थी। इसी बीच लगभग 4:30 बजे पटना एयरपोर्ट के पहले तल पर बने प्रस्थान क्षेत्र में उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। करीब एक घंटे बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, पर जान नहीं बची।एयरपोर्ट पर डॉक्टरों की टीम की तैनाती के लिए पुराना करार खत्म होने के बाद मेदांता से करार किया गया है। लेकिन उनके द्वारा अब तक डॉक्टर भेजना शुरू नहीं किया गया है।
