February 24, 2026
OP

दीपावली नजदीक आते ही पटना सिटी में पटाखों की थोक व खुदरा बिक्री को लेकर मंडियों में गरमाहट अभी से तेज होने लगी है। प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण भी जारी है। इस बीच अनुमंडल पुलिस-प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। डीएसपी द्वितीय डा. गौरव कुमार ने मालसलामी थाना पुलिस की टीम के साथ मंसूरगंज मेन रोड स्थित दुकान में छापेमारी कर पटाखों के भंडारण का पर्दाफाश किया। 27 कार्टन पटाखे जब्त कर दुकानदार को गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान दुकान में पटाखों के भंडारण संबंधित कागजात एवं बिक्री करने का लाइसेंस दुकानदार नहीं प्रस्तुत कर सका।

27 कार्टन पटाखों के साथ दुकानदार गोपाल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जब्त पटाखों में फुलझड़ी, हाइड्रो के साथ कुछ फैंसी पटाखे भी थे। डीएसपी ने कहा कि पटाखों का अवैध भंडारण प्रतिबंधित है। इस मामले में पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान अफरा-तफरी मची रही। दीपावली को लेकर पटाखों की सर्वाधिक बिक्री खाजेकलां थाना क्षेत्र में होती है। पटाखों की दो दर्जन से अधिक दुकानें खुल जाती हैं। बिक्री होने के साथ ही पुलिस की छापेमारी भी जारी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *