नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए), जमशेदपुर के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसके कैडेट आशीष तानी पुर्ति ने रांची रॉयल्स टीम के खिलाड़ी के रूप में हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में रजत पदक हासिल किया।हॉकी इंडिया लीग का आयोजन 4 जनवरी, 2026 से 26 जनवरी, 2026 तक किया गया, जिसका फाइनल मुकाबला भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला गया। आशीष की यह उपलब्धि अकादमी के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है, क्योंकि वह पूरी रांची रॉयल्स टीम में सबसे युवा खिलाड़ी थे। उन्होंने भारतीय हॉकी के सबसे बड़े मंचों में से एक पर अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और ओलंपियन खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए यह सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आशीष तानी पुर्ति ने कहा, “मैं इस उपलब्धि से बेहद खुश हूं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और ओलंपियन खिलाड़ियों के साथ खेलना मेरे लिए एक शानदार सीखने का अवसर रहा। पूर्व भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच श्री हरिंदर सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेना वास्तव में अद्भुत अनुभव रहा, जिससे मुझे खेल को और अधिक गहराई से समझने में मदद मिली।”
नवल टाटा हॉकी अकादमी निरंतर खिलाड़ियों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करती रही है, और आशीष की जमीनी स्तर के प्रशिक्षण से लेकर हॉकी इंडिया लीग के पोडियम तक की यह यात्रा उसी विज़न के प्रति अकादमी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अपने विचार साझा करते हुए नवल टाटा हॉकी अकादमी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा, “हॉकी इंडिया लीग में आशीष का रजत पदक जीतना केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरी एनटीएचए परिवार के लिए गर्व का क्षण है। रांची रॉयल्स टीम में सबसे युवा खिलाड़ी होने के बावजूद इतने उच्च स्तर पर प्रदर्शन करना उसकी लगन, व्यक्तित्व और अकादमी में तैयार की गई मजबूत नींव को दर्शाता है। हमें पूरा विश्वास है कि यह उसके लंबे और सफल सफर की बस शुरुआत है।”
नवल टाटा हॉकी अकादमी इस शानदार उपलब्धि पर आशीष तानी पुर्ति और रांची रॉयल्स टीम को हार्दिक बधाई देती है तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने कैडेट्स की ऐसी ही अनेक उपलब्धियों को साकार होते देखने के लिए उत्सुक है।
